पत्रकार ऋषि मिश्रा की पहली किताब ‘चौपटगंज, किस्सों का गुलदस्ता’ प्रकाशित हो गई है। किताब का विमोचन भारत समाचार के न्यूजरूम में किया गया। इस मौके पर ब्रजेश मिश्रा और वीरेंद्र सिंह मौजूद रहे। दोनों ने ऋषि मिश्रा की किताब का विमोचन किया।
ऋषि मिश्रा ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी साझा करते हुए कहा कि उनकी पहली किताब पाठकों के सामने आ गई है। उन्होंने बताया कि यह उनकी पहली कोशिश है और किताब कैसी है, इसका फैसला पाठक ही करेंगे। उन्होंने किताब के विमोचन के लिए ब्रजेश मिश्रा और वीरेंद्र सिंह का आभार भी जताया।
पुराने लखनऊ की कहानियों पर आधारित है किताब
‘चौपटगंज, किस्सों का गुलदस्ता’ में पुराने लखनऊ की गलियों, माहौल और 1990 के दशक से जुड़े किस्सों को जगह दी गई है। किताब में उस दौर की राजनीति, घटनाओं और दिलचस्प कहानियों का जिक्र है। इसमें यह भी बताया गया है कि किस तरह इस इलाके से जुड़ी राजनीतिक गतिविधियों का असर पूरे प्रदेश तक पहुंचता था।
ऋषि मिश्रा के मुताबिक, किताब पढ़ते समय पाठकों को ऐसा महसूस हो सकता है, जैसे वे अपने ही मोहल्ले की किसी गली में घूम रहे हों और उस दौर की घटनाओं को अपनी आंखों से देख रहे हों। किताब में एक्शन, ड्रामा और राजनीति से जुड़े कई पहलुओं को शामिल किया गया है।
जल्द ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर होगी उपलब्ध
ऋषि मिश्रा ने बताया कि यह उनकी पहली किताब है, इसलिए इसमें कुछ कमियां भी हो सकती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पाठक इसे पढ़ेंगे और अपनी राय साझा करेंगे।
चौपटगंज, किस्सों का गुलदस्ता जल्द ही अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। अपनी पहली किताब के प्रकाशन पर उन्होंने खुशी जताई और इस सफर में साथ देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।