वरिष्ठ पत्रकार अनुराग द्वारी ने NDTV छोड़ने के बाद अब दैनिक भास्कर का दामन थाम लिया है। वह दैनिक भास्कर में सोशल मीडिया एडिटर के पद पर काम करेंगे। उनकी पोस्टिंग भोपाल में होगी। 

अनुराग द्वारी ने कुछ समय पहले NDTV से इस्तीफा दिया था। इसके बाद वह अपने नोटिस पीरियड के दौरान चैनल से जुड़े रहे। उन्होंने NDTV में करीब दो दशक से ज्यादा समय तक काम किया। इस दौरान वह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के एग्जीक्यूटिव एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। दोनों राज्यों की राजनीति, सामाजिक समस्याओं और सरकारी कामकाज से जुड़ी खबरों पर उनकी रिपोर्टिंग को काफी पहचान मिली।

अनुराग द्वारी का पत्रकारिता करियर करीब 25 साल का है। वह मूल रूप से झारखंड के देवघर के रहने वाले हैं। अपने करियर में उन्होंने PTI, स्टार न्यूज, BBC और NDTV जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम किया है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी मिलने से पहले उन्होंने करीब दस साल तक महाराष्ट्र में रिपोर्टिंग की। इस दौरान उन्होंने राजनीति, चुनाव, आतंकी हमलों, हाईकोर्ट और सामाजिक आंदोलनों से जुड़ी खबरों को कवर किया।

उन्होंने गुजरात, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की रिपोर्टिंग भी की है। इसके अलावा श्रीलंका में क्रिकेट विश्व कप और NDTV की खास सीरीज ‘मॉनसून एक्सप्रेस’ में भी उन्होंने योगदान दिया। इस सीरीज के तहत उन्होंने करीब दो महीने तक सड़क के रास्ते देश के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा कर रिपोर्टिंग की थी।

अनुराग द्वारी ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया और एजेके मास कम्युनिकेशन से मास्टर डिग्री हासिल की है। जनहित से जुड़े मुद्दों पर उनकी रिपोर्टिंग के लिए उन्हें रामनाथ गोयनका और रेड इंक जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने अमिताभ बच्चन और मनोज बाजपेयी जैसे फिल्मी सितारों पर NDTV के विशेष कार्यक्रमों की स्क्रिप्ट भी लिखी है।

दैनिक भास्कर में उनकी नई जिम्मेदारी ऐसे समय में आई है, जब डिजिटल पत्रकारिता और सोशल मीडिया पर खबरों की पहुंच लगातार बढ़ रही है।