वरिष्ठ पत्रकार हृदयेश जोशी और यूट्यूबर श्याम मीरा सिंह को कुलदीप नैयर पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। गांधी पीस फाउंडेशन की ओर से इस सम्मान की घोषणा की गई है। हृदयेश जोशी को वर्ष 2024 और श्याम मीरा सिंह को वर्ष 2025 के लिए यह सम्मान दिया गया है।
हृदयेश जोशी लंबे समय तक एनडीटीवी में काम कर चुके हैं। चैनल से अलग होने के बाद भी वह पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। फिलहाल वह पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर रिपोर्टिंग और लेखन कर रहे हैं। उनके पर्यावरण से जुड़े कई वीडियो यूट्यूब पर भी उपलब्ध हैं।
श्याम मीरा सिंह सोशल मीडिया पर अपने वीडियो और बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह कई सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखते हैं। हाल ही में दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान 40 से अधिक पत्रकारों के साथ श्याम मीरा सिंह को भी हिरासत में लिया गया था।
श्याम मीरा सिंह ने जताया आभार
श्याम मीरा सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर इस सम्मान के लिए गांधी पीस फाउंडेशन का आभार जताया। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने पहले उन्हें जानकारी दी गई थी कि वर्ष 2025 के लिए उन्हें कुलदीप नैयर पत्रकारिता सम्मान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्हें लगा कि वह इस सम्मान के योग्य नहीं हैं। श्याम मीरा सिंह ने अपने काम को साधारण बताते हुए कहा कि वह इसे रामसेतु बनाने में गिलहरी के छोटे से योगदान की तरह देखते हैं।
उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार हृदयेश जोशी के साथ यह सम्मान मिलने पर भी अपनी विनम्रता जाहिर की। श्याम मीरा सिंह ने कहा कि हृदयेश जोशी का काम और अनुभव उनसे काफी बड़ा है।
उन्होंने सम्मान देने वाली समिति और उन सभी लोगों का धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके सफर में साथ दिया और उनका हौसला बढ़ाया।
इससे पहले कुलदीप नैयर पत्रकारिता सम्मान वरिष्ठ पत्रकार रवीश कुमार, अजीत अंजुम, आरफा खानम शेरवानी, निखिल वागले और उर्मिलेश जैसे पत्रकारों को भी दिया जा चुका है।