नई दिल्ली। मीडिया और ब्रॉडकास्टिंग क्षेत्र में करियर बनाने वाले उम्मीदवारों के लिए दूरदर्शन ने भर्ती का अवसर दिया है। दूरदर्शन केंद्र बेंगलुरु की Regional News Unit (RNU) ने चार अलग-अलग पदों के लिए कैजुअल असाइनमेंट के तहत इम्पैनलमेंट हेतु आवेदन मांगे हैं।
इस भर्ती में वेबसाइट असिस्टेंट, ब्रॉडकास्ट असिस्टेंट, CG ऑपरेटर और एंकर के पद शामिल हैं। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का कर्नाटक का निवासी और योग्य भारतीय नागरिक होना जरूरी है।
यह स्थायी नौकरी नहीं है
दूरदर्शन की यह भर्ती नियमित या स्थायी नियुक्ति के लिए नहीं है। चयनित उम्मीदवारों को न्यूज यूनिट की जरूरत के अनुसार कैजुअल असाइनमेंट दिए जाएंगे।
एक महीने में अधिकतम 7 असाइनमेंट दिए जा सकते हैं। इम्पैनलमेंट पैनल में शामिल होने मात्र से उम्मीदवार को स्थायी नौकरी या नियुक्ति का अधिकार नहीं मिलेगा।
किन पदों पर कितनी वैकेंसी हैं और भुगतान क्या है?
वेबसाइट असिस्टेंट:
इस पद के लिए उम्र 21 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार का स्नातक होना और पत्रकारिता या जनसंचार में डिग्री/डिप्लोमा होना जरूरी है। भुगतान 1,500 रुपये प्रति शिफ्ट निर्धारित है।
ब्रॉडकास्ट असिस्टेंट:
21 से 50 वर्ष की उम्र वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। स्नातक के साथ टीवी और रेडियो प्रोडक्शन में डिग्री या डिप्लोमा आवश्यक है। कन्नड़ भाषा की जानकारी को वरीयता दी जाएगी। भुगतान 1,500 रुपये प्रति शिफ्ट है।
CG ऑपरेटर:
इस पद के लिए 21 से 50 वर्ष की उम्र, 12वीं पास और कंप्यूटर एप्लीकेशन में सर्टिफिकेट जरूरी है। संबंधित काम का कम से कम 1 साल का अनुभव भी मांगा गया है। भुगतान 1,125 रुपये प्रति शिफ्ट होगा।
एंकर:
एंकर पद के लिए उम्र सीमा 21 से 40 वर्ष है। उम्मीदवार का स्नातक होना और कन्नड़ भाषा पर अच्छी पकड़ होना जरूरी है। कैमरे के सामने सहजता, बेहतर आवाज, उच्चारण और वॉइस मॉड्यूलेशन की समझ भी जरूरी योयोग्यताओंमें शामिल हैं।
इसके अलावा उम्मीदवार को न्यूज और करंट अफेयर्स की अच्छी जानकारी होनी चाहिए। पत्रकारिता या टीवी-रेडियो में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस पद के लिए भुगतान 3,000 रुपये प्रति शिफ्ट है।
9 सितंबर है आवेदन की अंतिम तारीख
दूरदर्शन की ओर से भर्ती नोटिफिकेशन 25 अगस्त 2026 को जारी किया गया था। नोटिफिकेशन के अनुसार आवेदन करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। उम्मीदवार 9 सितंबर 2026 तक आवेदन भेज सकते हैं।
ईमेल से भेजना होगा आवेदन
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को Annexure-A में दिए गए निर्धारित फॉर्मेट का इस्तेमाल करना होगा। आवेदन के साथ शैक्षणिक योग्यता, उम्र, निवास और अनुभव से जुड़े जरूरी दस्तावेजों की प्रतियां लगानी होंगी।
उम्मीदवार अपना विस्तृत CV भी साथ भेज सकते हैं, लेकिन निर्धारित आवेदन फॉर्म जमा करना अनिवार्य है।
आवेदन chandananewsvacancy@gmail.com पर ईमेल के जरिए भेजना होगा। आवेदन RNU Head, Doordarshan Kendra, Bengaluru, Karnataka-560006 के नाम से किया जाना है।
बेंगलुरु के स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता दिए जाने की बात नोटिफिकेशन में कही गई है।
आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान
इस इम्पैनलमेंट के लिए कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। टेस्ट या इंटरव्यू में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को TA/DA भी नहीं दिया जाएगा।
अधूरा आवेदन या जरूरी दस्तावेज नहीं लगाने पर उम्मीदवारी खारिज की जा सकती है। वहीं, किसी तरह की सिफारिश या अनुचित प्रभाव डालने की कोशिश करने पर भी आवेदन रद्द किया जा सकता है।