लोक गायिका नेहा सिंह राठौर से जुड़ी एक खबर को लेकर ABP नेटवर्क ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। नेटवर्क ने अपने आधिकारिक बयान में स्वीकार किया कि उनके डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित खबर तथ्यों के आधार पर गलत थी। इस मामले में नेहा सिंह राठौर ने पहले ही चैनल की खबर पर आपत्ति जताई थी और आरोप लगाया था कि इसके जरिए उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई।

ABP नेटवर्क ने क्या कहा?

ABP नेटवर्क ने अपने आधिकारिक 'X' हैंडल पर जारी बयान पर कहा कि, उनके डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नेहा सिंह राठौर से संबंधित एक खबर प्रसारित हुई थी, जो तथ्यों के आधार पर गलत पाई गई। नेटवर्क ने इस त्रुटि पर खेद जताते हुए इसके लिए माफी मांगी।

हालांकि, अपने स्पष्टीकरण में नेटवर्क ने यह विस्तार से नहीं बताया कि खबर में कौन-से तथ्य गलत थे और गलती किस तरह हुई।

नेहा सिंह राठौर ने जताई थी नाराजगी।

ABP News की खबर सामने आने के बाद नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि, इस झूठी खबर के जरिए उन्हें अपमानित करने की कोशिश की जा रही है। अपनी पोस्ट में उन्होंने चैनल पर उन्हें 'वेश्या और कॉल गर्ल' के रूप में पेश करने की मंशा का आरोप लगाया था।

नेहा ने इस मामले को राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने भी उठाया और आयोग को टैग करते हुए सवाल किया कि क्या इस प्रकरण पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार से सवाल पूछने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

माफी के बाद फिर चर्चा में आया मामला।

ABP नेटवर्क की ओर से खबर को तथ्यात्मक रूप से गलत मानकर माफी मांगे जाने के बाद यह प्रकरण एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस घटनाक्रम ने की जिम्मेदारी और सार्वजनिक रूप से प्रसारित सामग्री की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं।