जयपुर: पिंकसिटी प्रेस क्लब के 35वें स्थापना दिवस के तीन दिवसीय कार्यक्रमों का समापन पत्रकार सम्मान समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर समाचार प्लस चैनल के एडिटर-इन-चीफ सुधांशु माथुर को Best Editor के सम्मान से नवाजा गया। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और विधायक गोपाल शर्मा ने उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और विधायक गोपाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। कार्यक्रम में पत्रकारिता, प्रेस क्लब के नए भवन और पत्रकारों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

नए प्रेस क्लब भवन की उठी मांग

विधायक गोपाल शर्मा ने नए प्रेस क्लब के निर्माण के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करने की बात कही। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रेस क्लब का भवन और ऑडिटोरियम बड़ा होना चाहिए। उन्होंने फेक न्यूज पर चिंता जताते हुए पत्रकारिता में विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर दिया।

पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कानून की जरूरत

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कानून बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने पत्रकारिता में संयम बरतने और किसी का अपमान नहीं करने की बात भी कही।

कार्यक्रम में पिंकसिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश मीणा और महासचिव राजकुमार जकड़ी ने भी अपने विचार रखे। तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन पत्रकारों को उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में सुधांशु माथुर को Best Editor का सम्मान दिया गया।