मीडिया इंडस्ट्री में करियर बनाने या अपने अनुभव को नई दिशा देने की तैयारी कर रहे पत्रकारों के लिए दो बड़े मीडिया संस्थानों से नौकरी के अवसर सामने आए हैं। न्यूज एजेंसी प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) और दैनिक जागरण समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म जागरण ऑनलाइन ने अलग-अलग पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें मुंबई में क्राइम और पॉलिटिकल रिपोर्टिंग से जुड़ा पद और नोएडा में हिंदी सब एडिटर की वैकेंसी शामिल है।

PTI को मुंबई के लिए अनुभवी पत्रकारों की तलाश

देश की प्रमुख न्यूज एजेंसियों में शामिल प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) अपने मुंबई कार्यालय के लिए पत्रकारों की नियुक्ति करना चाहता है। संस्थान को ऐसे उम्मीदवारों की जरूरत है, जिन्हें क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग का अनुभव हो।

यह पद मुख्य रूप से अंग्रेजी प्रिंट पत्रकारिता के लिए है। हालांकि, चयनित उम्मीदवार को मल्टीमीडिया से जुड़े काम करने का अवसर भी मिल सकता है।

इस पद के लिए पत्रकारिता या न्यूज रिपोर्टिंग में 4 से 5 साल का अनुभव रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। यह मिड-लेवल पोजिशन है और चयनित व्यक्ति को मुंबई में तैनात किया जाएगा।

ऐसे करें आवेदन

इच्छुक उम्मीदवार अपना अपडेटेड रिज्यूमे और पोर्टफोलियो PDF फॉर्मेट में या वेब लिंक के जरिए "jobs@pti.in" पर भेज सकते हैं। आवेदन करते समय ईमेल के सब्जेक्ट में ‘Applying for Mumbai Office’ लिखना जरूरी है।

संस्थान की ओर से बताया गया है कि शुरुआती चयन प्रक्रिया के बाद केवल शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों से संपर्क किया जाएगा।

जागरण ऑनलाइन में हिंदी सब एडिटर की वैकेंसी

दैनिक जागरण समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म जागरण ऑनलाइन में भी पत्रकारों के लिए नौकरी का अवसर है। संस्थान को हाइपरलोकल बीट के लिए हिंदी सब एडिटर की जरूरत है।

इस पद के लिए 1 से 3 साल तक न्यूज राइटिंग का अनुभव रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। नौकरी का स्थान नोएडा सेक्टर-16 है। चयनित उम्मीदवार को ऑफिस से ही काम करना होगा।

मंगल फॉन्ट में हिंदी टाइपिंग जरूरी

इस भूमिका के लिए हिंदी भाषा पर अच्छी पकड़ और समाचार लेखन का अनुभव होना चाहिए। इसके साथ ही उम्मीदवार को मंगल फॉन्ट में हिंदी टाइपिंग आनी जरूरी है। हाइपरलोकल खबरों की समझ और उन्हें प्रभावी ढंग से लिखने की क्षमता भी इस पद के लिए अहम होगी।

यहां भेजें अपना रिज्यूमे

योग्य उम्मीदवार अपना अपडेटेड CV "riya.singh@jagrannewmedia.com" पर भेज सकते हैं।

मीडिया क्षेत्र में काम कर रहे अनुभवी पत्रकारों और डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए PTI और जागरण ऑनलाइन की ये वैकेंसी करियर के लिहाज से उपयोगी अवसर हो सकती हैं।